पलामू जिले के छतरपुर में एक कार्यक्रम में डांस करने आई छत्तीसगढ़ की 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान लखनपुर (छत्तीसगढ़) के नावा पारा निवासी रिया कुमारी के रूप में हुई है। उसके माता-पिता अंबिकापुर में रहते हैं। घटना महेंद्र पेट्रोल पंप के पास स्थित एक किराए के मकान की है, जहां रिया अन्य डांसरों के साथ रह रही थी। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। मृतका की साथी डांसर नीतू कुमारी ने बताया कि रिया के साथ कमरे में प्रतिज्ञा, अन्नू, और दो युवक चांद व विष्णु भी रहते थे। ये सभी लोग छतरपुर के एक युवक द्वारा बुलाए गए थे, जो शादी-ब्याह और आर्केस्ट्रा प्रोग्राम में डांस करवाता है। सिर दर्द और उल्टी के बाद बिगड़ी तबीयत नीतू कुमारी ने बताया कि बीती रात तीनों लड़कियां शौच के लिए बाहर गई थीं। लौटने के बाद रिया को सिर दर्द और उल्टी होने लगी। इस दौरान मकान मालिक का बेटा कमरे में आया और उसने रिया को दो इंजेक्शन लगाए। इंजेक्शन के कुछ देर बाद ही रिया की हालत गंभीर हो गई। रात करीब 9 बजे उसे आनन-फानन में छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रिया को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतका के परिजनों को सूचना दी गई है। हर प्रोग्राम पर मिलने थे ढ़ाई हजार रुपए नीतू कुमारी ने बताया कि आयोजकों ने उन्हें एक प्रोग्राम के लिए 2 से 2.5 हजार रुपए प्रति डांसर भुगतान करने का वादा किया था, लेकिन अब तक एक भी कार्यक्रम का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोजकों ने सिर्फ काम करवाया और पैसे देने से टालमटोल करते रहे। छतरपुर में कई किराए के मकानों में रह रहीं सैकड़ों डांसर स्थानीय लोगों का कहना है कि छतरपुर में छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल से सैकड़ों लड़कियों को डांस प्रोग्राम के लिए बुलाया जाता है। इन्हें किराए के मकानों में रखा जाता है और स्थानीय आयोजकों द्वारा शादी-ब्याह के प्रोग्राम में डांस करवाया जाता है। कई बार इन लड़कियों को समय पर भुगतान भी नहीं किया जाता। पुलिस कर रही जांच, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार छतरपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामला संदिग्ध है। युवती को किन परिस्थितियों में इंजेक्शन दिया गया और किस दवा का प्रयोग किया गया, इसकी जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।


