पलामू के सतबरवा थाना क्षेत्र के मलय डैम मोड़ पर एक ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना गुरुवार शाम हुई। युवक ने मात्र चार महीने पहले ही बाइक खरीदी थी। थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने बताया कि मृतक की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस ट्रक और बाइक को जब्त कर थाना ले आई है। ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है। बाइक ट्रक में फंसी, काफी दूर तक घिसटती चली गई ट्रक मेदिनीनगर से रांची की ओर जा रहा था। इसी दौरान लातेहार से मेदिनीनगर की ओर आ रही बाइक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रक में फंस गई और नेशनल हाईवे 39 पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में बाइक सवार का सिर बुरी तरह कुचल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।


