पलामू में सड़क हादसे थम नहीं रहे है। रविवार रात एक सड़क दुर्घटना में आर्मी जवान की मौत हो गई। चैनपुर थाना क्षेत्र के बरांव गांव निवासी चन्द्रधन ठाकुर का पुत्र राजेंद्र कुमार ठाकुर (34) बाइक से रेहला थाना क्षेत्र के तोलरा गांव में शादी समारोह में जा रहे थे। पड़वा-विश्रामपुर मार्ग पर गुरहा मोड़ के पास उनकी बाइक की टक्कर सामने से आ रही दूसरी बाइक से हो गई। हादसे में राजेंद्र बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर पड़ा देख उन्हें विश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने के पहले रास्ते में ही आर्मी जवान ने दम तोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पुलिस चौकी के एएसआई सुशीला टीयू और पुलिस जवान विकास कुमार, महेंद्र कुमार ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अपने कब्जे में लिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


