पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर नई मुहल्ला में स्थित निमियां आहर में एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शाहपुर लालगंज निवासी 16 वर्षीय शाहिद उर्फ कारू खान के रूप में हुई है। बुधवार सुबह 11 बजे शाहिद अपने दोस्तों के साथ निमियां आहर में नहा रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। आहर में गहरा पानी होने के कारण उसके डूबकर मिट्टी में धंसने की आशंका जताई गई। 22 घंटे की तलाशी के बाद मिला शव घटना की सूचना मिलते ही वार्ड 31 की प्रथम पार्षद प्रमिला देवी प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। स्थानीय स्तर पर तलाश में सफलता नहीं मिलने पर एसडीआरएफ को बुलाने की योजना बनाई गई। लगातार बारिश के कारण आहर लबालब भरा हुआ था। प्रशासन ने जेसीबी की मदद से आहर का पानी कम करवाया। 22 घंटे की लगातार खोजबीन के बाद गुरुवार सुबह 9 बजे शाहिद का शव आहर में तैरता हुआ मिला। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शाहिद के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।


