पलामू रेडमा ओवरब्रिज पर हाईवा-ट्रक की टक्कर:आधी रात हुआ हादसा, दोनों भारी वाहन क्षतिग्रस्त, 10 घंटे ठप रहा यातायात

पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के रेडमा ओवरब्रिज पर शुक्रवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। आधी रात करीब 12 बजे हाईवा और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना के बाद ओवरब्रिज पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। हादसे में रजिस्ट्रेशन नंबर MP66 ZC 5791 का हाईवा और UP83DT 0646 नंबर का ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के कारण पुल पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब 10 घंटे तक यातायात बाधित रहा। ट्रक चालक ने बताया कि वह आगरा से रांची की ओर माल लेकर जा रहा था। कचहरी चौक की ओर से रेडमा ओवरब्रिज पर चढ़ते समय रेडमा चौक की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार हाईवा अचानक मुड़ गया और सीधे उसके ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन पुल पर ही फंस गए। हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया। नशे में होने का आरोप, पुलिस ने संभाला मोर्चा ट्रक चालक ने आरोप लगाया कि हाईवा चालक नशे की हालत में था। टक्कर के तुरंत बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ओवरब्रिज से गुजरने वाले सभी वाहनों को रोक दिया गया। यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया, लेकिन भारी वाहनों के कारण शहर के कई हिस्सों में जाम की स्थिति बन गई। शनिवार सुबह होते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। क्षतिग्रस्त हाईवा और ट्रक को हटाने के लिए दो हाइड्रा मशीनें मंगाई गईं। दोनों वाहनों को हटाने में करीब एक घंटे का समय लगा। बचाव अभियान के दौरान पुलिस ने पुल के बगल वाली सड़क पर भी लोगों और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद करा दी थी, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। स्कूल बसों के दबाव से बढ़ा जाम, 10 बजे खुला रास्ता सुबह स्कूल जाने वाली बसों और अन्य यात्री वाहनों के दबाव के कारण सद्दीक मंजिल चौक और रेडमा चौक पर जाम की स्थिति बनी रही। कार्यालय समय से पहले जाम खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई के बाद शनिवार सुबह करीब 10 बजे ओवरब्रिज पर यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। फरार हाईवा चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *