भास्कर न्यूज| अमृतसर पशुओं को चारा नहीं मिल पाने की शिकायत डीसी साक्षी साहनी के पास पहुंची, जिसके बाद उन्होंने पशुपालन विभाग के अफसरों को निर्देश दिया और कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद कर्मचारियों ने गांव-गांव जाकर पशु आहार वितरित करना शुरू कर दिया है। डीसी ने बताया कि अब तक 5000 बैग चारा और 242 क्विंटल साइलेज वितरित किया जा चुका है। 11 राहत केंद्रों पर भी पशुओं के लिए चारा वितरण का काम चल रहा है। गांव घोहनेवाला, कोट रजादा, सुफियान, सुधार, चक फूला, रामदास, थोबा, हरड़ खुर्द, जगदेव खुर्द, ढंगई और लोपोके शामिल हैं। डीसी ने बताया कि कुछ लोगों ने शिकायत की थी कि उन्हें पशुओं के लिए चारा नहीं मिल रहा है। अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चारा वितरण करते समय संबंधित पशुपालकों की पहचान अवश्य की जाए। डिप्टी डायरेक्टर पशुपालन नवराज सिंह संधू ने बताया कि अब तक जिले में 5685 फीड बैग (50 किलोग्राम प्रति बैग) तथा 242 क्विंटल साइलेज (हरा चारा) प्राप्त हो चुका है। जिसमें से 5000 फीड बैग और 242 क्विंटल साइलेज बांट चुके हैं। पशुपालन विभाग के कर्मचारी गांवों में जाकर पशुपालक किसानों के आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्रों की जांच करने के बाद ही फीड वितरित कर रहे हैं।


