भास्कर न्यूज | अंबिकापुर मौसम के बदले मिजाज से ठंड के तेवर नरम पड़ गए हैं। उत्तर से आने वाली शुष्क हवाओं का प्रभाव कम होने व नमी बढ़ने से के कारण मंगलवार को शहर का न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री तक चढ़ गया। ये स्थिति 49 दिन बाद बनी है। इससे पहले 1 दिसंबर को 10.4 डिग्री तापमान गया था। इसके बाद से लगातार तापमान नीचे ही था और पूरा संभाग शीतलहर की चपेट में रह था। तापमान में बढ़ोतरी से अब लोगों को राहत मिली है। नमी के कारण आसमान में हल्के बादल छाए रहे है। हालांकि धूप की भी आवाजाही बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर में पश्चिमी विक्षोभ के कारण ऐसी स्थिति बन रही है। चौबीस घंटे बाद इसका प्रभाव कम होने की संभावना है। इससे फिर तेजी से तापमान नीचे गिरेगा। दिन में धूप तेज होने से चढ़ा पारा: धूप का असर भी अब ज्यादा महसूस होने लगा है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री तक चढ़ा था। 19 जनवरी की स्थिति में 57 साल बाद अधिकतम तापमान इतना ऊपर गया था। हालांकि मंगलवार को बादलों के कारण इसमें कमी दर्ज की और अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया। इस साल कम बने पश्चिमी विक्षोभ ^मौसम विभाग अंबिकापुर के प्रभारी एसके मंडल के अनुसार ठंड के सीजन में अमूमन पश्चिमी विक्षोभ 10 से 12 बार बनते हैं। इस साल विक्षोभ कम बने। जो विक्षोभ बने, वे ताकतवर भी नहीं थे, जिसके उत्तर से लगातार शुष्क हवा आते रही। इससे ठंड का असर ज्यादा रहा है। अभी 16 जनवरी से एक एक तीन विक्षोभ सक्रिय हुए हैं। इसी के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदला है।


