पश्चिमी सिंहभूम में हाथियों ने युवक को रौंदा, मौत:खेत से भगाने के दौरान हाथियों के झुंड ने किया हमला, इलाके में भय का माहौल

पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव प्रखंड में हाथियों के झुंड ने एक युवक को कुचलकर मार डाला। मृतक की पहचान सादमासाई गांव निवासी राजू पुरती (पिता मालो पुरती) के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 8 बजे हाथियों का झुंड सादमासाई गांव के खेतों में घुस आया था। ग्रामीणों ने हाथियों को भगाने का प्रयास किया। इसी दौरान हाथियों ने पलटकर हमला कर दिया। भागने के क्रम में राजू पुरती गिर गए और हाथियों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद सादमासाई और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड क्षेत्र में घूम रहा है, जिससे लोग रात में घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। विभाग ने पीड़ित परिवार को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत अंत्येष्टि सहायता और मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिवार को तत्काल मुआवजा प्रदान देने की मांग राजू पुरती के परिवार में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से गांव में नियमित गश्त की व्यवस्था करने और प्रभावित परिवार को तत्काल मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। पश्चिमी सिंहभूम जिले में पिछले कुछ वर्षों से हाथियों की आवाजाही बढ़ी है, जिसके कारण मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जंगलों में भोजन और पानी की कमी, हाथियों के मार्ग में बाधा और बढ़ते मानवीय हस्तक्षेप के कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *