पहलगाम हमले को तीन दिन बीतने के बाद केंद्र सरकार ने माना की पहलगाम हमले में सुरक्षा में चूक हुई। गुरुवार शाम सर्वदलीय बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा- आईबी और गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने मीटिंग में विपक्षी नेताओं को सुरक्षा में हुई चूक के बारे में जानकारी दी। गुरुवार रात भारत सरकार के जल संसाधन मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी ने पाकिस्तान को पत्र भेजकर कहा कि 1960 की सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। वहीं, आज गृह मंत्री अमित शाह के घर सिंधु जल संधि पर अहम बैठक होगी। जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल सहित कई केंद्रीय मंत्री इसमें मौजूद रहेंगे। राहुल आज जम्मू-कश्मीर दौरे पर जाएंगे। वे पहलगाम आतंकी हमले के घायलों से मिलने अनंतनाग के अस्पताल पहुंचंगे। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी भी आज श्रीनगर पहुंचेंगे। बैसरन घाटी भी जाएंगे। हमले के मद्देनजर सुरक्षा हालात की समीक्षा करेंगे। लोकल मिलिट्री फॉर्मेशन के टॉप कमांडर्स जनरल द्विवेदी को ब्रीफ करेंगे। साथ ही उन्हें कश्मीर और नियंत्रण रेखा (LoC) पर चलाए जा रहीं एंटी टेररिस्ट एक्टिविटीज की जानकारी देंगे। 22 अप्रैल की दोपहर पहलगाम की बैसरन घाटी में आतंकियों ने 26 टूरिस्ट की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इनमें एक नेपाली नागरिक शामिल था। 10 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। पाकिस्तान के इस्लामाबाद में नेशनल सिक्योरिटी कमेटी (NCS) की भी बैठक हुई। पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच 25 द्विपक्षीय समझौते स्थगित किए। 1972 का शिमला समझौता भी स्थगित कर सकता है। पाकिस्तान ने कहा कि अगर भारत सिंधु जल समझौते को रोकता है तो इसे एक्ट ऑफ वॉर यानी जंग की तरह माना जाएगा।


