भास्कर संवाददाता| सागर कचहरी घाटी पर स्थित पहलवान बब्बा मंदिर में शुक्रवार को शासन द्वारा नियुक्त पुजारी को प्रभार दिलाया जाएगा। इस संबंध में एसडीएम ने आदेश जारी करते हुए नगर तहसीलदार सहित नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक व 9 पटवारियों की ड्यूटी लगाई है। एसडीएम ने पुलिस प्रशासन को भी पत्र भेजकर जरूरी बल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर के आदेश पर की जा रही है। एसडीएम ने प्रभार दिलाने के लिए दल बनाया है। यह दल 16 जनवरी को सुबह 10 बजे अपनी कार्रवाई करेगा। मंदिर के प्रभार के संबंध में लंबे समय से विवाद चल रहा है। संभागायुक्त, कलेक्टर कार्यालय से आदेश हो चुके हैं। अब इन पर अमल करने के लिए आदेश हुए हैं। एसडीएम कार्यालय से हुए आदेश में बताया है कि कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के पत्र क्रमांक 9609/ धर्मस्व 2025 सागर 10/11/2025 से देव श्री पहलवान बब्बा हनुमान मंदिर सिद्धधाम कचहरी घाटी सागर के नव नियुक्त पुजारी को प्रभार ग्रहण कराए जाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने पत्र प्राप्त हुआ है। मंदिर की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालन, गतिविधियों, रखरखाव एवं शासकीय दिशा निर्देशों के क्रियान्वयन के लिए राजस्व निरीक्षक सागर को प्रबंधक एवं पटवारी सागर खास को सहायक प्रबंधक नियुक्त किया जा चुका है। पदभार ग्रहण कराने के लिए समिति गठित की जाती है। यह समिति मंदिर परिसर में स्थापित सभी मंदिरों की सामग्री, चल-अचल संपत्ति का रखरखाव, आय-व्यय के सभी दस्तावेज, आभूषण एवं बहुमूल्य सामग्री की सूची तैयार कर कार्रवाई व संधारण कराया जाना सुनिश्चित करेगी। जरूरत पड़ने पर बैंक में लॉकर्स खोले जाने का भी प्रबंध करेंगे। प्रभार दिलाने बनी कमेटी में यह शामिल : प्रभार दिलाने के लिए बनी कमेटी में तहसीलदार सागर नगर संदीप तिवारी के साथ नायब तहसीलदार रतौना प्रतीक रजक, राजस्व निरीक्षक हर्ष साहू, पटवारी आनंद खत्री, रूपेश श्रीवास्तव, नवीन श्रीवास्तव, सुशील लोधी, विकास चौकसे, शरद गोस्वामी, जसवंत पटेल, आशुतोष बड़ोनिया व शैलेंद्र सिंह ठाकुर शामिल हैं।


