पहली बारिश में उखड़ी सड़क ठेकेदार को दिया गया नोटिस

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव मानव मंदिर चौक से दुर्गा चौक तक बनी डामरी सड़क पहली बारिश में ही उखड़ गई। निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के निर्देश पर कार्यपालन अभियंता यूके रामटेके ने ठेकेदार मे. संजय सिंगी को नोटिस जारी किया है। आयुक्त ने शहर की सभी डामरीकृत सड़कों की जांच कर रिपोर्ट देने और दोषियों पर कार्रवाई करने को कहा है। ठेकेदार को मानव मंदिर चौक, गांधी चौक, आजाद चौक और इंदिरा नगर चौक की सड़कों के डामरीकरण का कार्यादेश दिया गया था। ठेकेदार ने मानव मंदिर चौक से दुर्गा चौक तक डामरीकरण किया, जो पहली बारिश में ही उखड़ गई। इससे पहले भी अप्रैल 2025 से मई 2025 के बीच चार बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद न तो गुणवत्ता सुधारी गई, न ही सड़क की मरम्मत की गई। नवीनतम नोटिस में कहा गया है कि ठेकेदार ने निर्देशों की अवहेलना की है। निविदा और अनुबंध की शर्तों के अनुसार, सड़क की मरम्मत और संधारण की जिम्मेदारी तीन वर्षों तक ठेकेदार की होती है। सुधार नहीं करने पर सुरक्षा निधि और परफॉर्मेंस राशि राजसात की जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी ठेकेदार की होगी। आयुक्त विश्वकर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर की डामरीकृत सड़कों की जांच कर रिपोर्ट दें। जहां भी गुणवत्ताहीन कार्य हुआ है, वहां नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *