पहली बार वोट डालने वालों में दिखा उत्साह, शहर के विकास की जताई उम्मीद

भास्कर न्यूज | महासमुंद लोकतंत्र की नींव मजबूत करने में युवाओं की भूमिका अहम होती है, और यह नगरीय निकाय चुनावों में देखने को मिला, जब पहली बार मतदान करने वाले युवा पूरे जोश और उत्साह के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। वार्ड 27 की युवा मतदाता रुचि ठाकुर ने शासकीय प्राथमिक शाला, गुडरुपारा मतदान केंद्र में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा, यह अनुभव बेहद खास और गर्व से भरा हुआ है। हर युवा को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए, क्योंकि यही वह शक्ति है जिससे हम अपने शहर और देश के भविष्य को संवार सकते हैं। शांत्री बाई महाविद्यालय में वार्ड 30 निवासी रामेश्वरी साहू ने पहली बार मतदान किया और कहा, मैंने अपने शहर के विकास, स्वच्छता और महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मतदान किया है। यह जिम्मेदारी हमें खुद निभानी होगी, ताकि हम एक स्वच्छ और सुंदर शहर बना सकें। इसी तरह, वार्ड नयापारा निवासी युवराज साहू ने कहा, यह पहली बार का अनुभव मेरे लिए यादगार है। अब मुझे महसूस हो रहा है कि एक-एक वोट की कितनी अहमियत होती है। वहीं, रविकिशन साहू और जितेंद्र ठाकुर ने भी मतदान करते हुए कहा कि वे शहर की बेहतरी के लिए अपना योगदान देना चाहते हैं। वार्ड 30 निवासी सुरेंद्र साहू ने वार्ड की सफाई और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा, गंदगी के कारण मच्छर और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। हर सप्ताह सफाई अभियान चलाएं, ताकि वार्ड स्वच्छ और स्वस्थ रहे। इसके अलावा, उन्होंने असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी सवाल उठाए। “शाम ढलते ही रास्तों पर असमाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे महिलाओं और लड़कियों को अकेले बाहर निकलने में डर लगता है। प्रशासन को चाहिए कि इस समस्या को गंभीरता से लें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *