मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पहली ही बारिश में जलभराव की स्थिति बनी है। 8 जून को चिरमिरी स्थित जिला अस्पताल में पानी भर गया। महज दो दिनों के बारिश में ही छत का पूरा पानी अस्पताल के फर्श और अन्य कमरों में भर गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छह महीने पहले ही इस जिला अस्पताल का उद्घाटन किया था। अब इसकी गुणवक्ता पर सवाल खड़े हो रहे है। अस्पताल के स्टाफ सहित मरीज परेशान हुए। हालांकि सफाई कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर की साफ सफाई कर पानी बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि परिसर का निर्माण अभी अधूरा है और अधूरे निर्माण में ही अस्पताल का उद्घाटन कराया गया था, जिसके बाद यह स्थिति बनी। ओपीडी बंद होने से ज्यादा परेशानी नहीं इस संबंध में अस्पताल की मितानिन प्रमिला ने बताया की अचानक अस्पताल में बारिश का काफी पानी आ गया था। उस समय ओपीडी बन्द था इसलिये ज्यादा परेशानी नहीं हुई और बारिश बंद होने के बाद पूरा पानी निकाल लिया गया। शौचालय में पानी की कमी वहीं अस्पताल में भर्ती मरीज भुवन दास ने बताया कि बारिश के बाद अस्पताल में पानी भर गया था, जिसे निकाल लिया गया है। मगर यहां के शौचालय में पानी नहीं है, जिससे वार्ड में भर्ती मरीजों को काफी परेशानी हो रही है।


