भास्कर न्यूज | अंबिकापुर संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने कोरिया जिले में नशीले इंजेक्शन के सप्लायर को गिरफ्तार किया है। थाना पटना चौकी पंडोपारा अंतर्गत ग्राम सांवारांवा निवासी दिलीप सोनवानी के कब्जे से 200 नग नशीले इंजेक्शन जब्त किए गए हैं। इसकी कीमत दो लाख रुपए है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली कि दिलीप सोनवानी अपने घर से नशीले इंजेक्शन बेच रहा है। सूचना की जांच के लिए आरोपी से इंजेक्शन की खरीद करवाई गई। इसके बाद रविवार 21 दिसंबर की सुबह घर में दबिश दी गई। घर की तलाशी में कमरे से बोरी में रखे 100 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन व 100 नग एविल इंजेक्शन बरामद किए गए। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गुप्ता ने बताया कि बीते चार महीनों में नशीले इंजेक्शन और कफ सिरप विक्रेताओं के खिलाफ यह 31वीं कार्रवाई है। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक तेजराम केहरी, मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता व अंजू एक्का की भूमिका रही।


