राजिम| राजिम कुंभ मेला के अवसर पर माघ पूर्णिमा के पावन दिन राजिम भक्तिन माता भोग भंडारे में हजारों श्रद्धालु भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। पहले दिन निशुल्क भंडारे का आयोजन समिति के अध्यक्ष लाला साहू द्वारा अपने स्वर्गीय माता-पिता की पुण्य स्मृति में किया गया। साहू समाज राजिम भक्तिन माता समिति के तत्वावधान में सर्व समाज के सहयोग से यह भोग भंडारा 1 फरवरी से 15 फरवरी महाशिवरात्रि तक निरंतर आयोजित किया जा रहा है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य सामाजिक सद्भाव, सेवा और समरसता की भावना को और अधिक मजबूत करना है। संगम तट के समीप सुविधायुक्त पंडाल में प्रतिदिन श्रद्धालुओं को सेवा भाव के साथ स्वादिष्ट एवं शुद्ध भोजन कराया जा रहा है। यह आयोजन क्षेत्र के विधायक रोहित साहू एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के पूर्व उपाध्यक्ष भुनेश्वर साहू के मार्गदर्शन तथा अध्यक्ष लाला साहू के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। यह भोग भंडारा का शुभारंभ छत्तीसगढ़ साहू संघ के पूर्व उपाध्यक्ष भुनेश्वर साहू, समिति संरक्षक मेहत्तरु राम साहू, डॉ. रामकुमार साहू की मौजूदगी में शुरू हुआ।


