भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर स्वामी आत्मानंद स्कूल महलपारा में मंगलवार को साइबर सुरक्षा पर सत्र हुआ। यह आयोजन महिला व बाल विकास विभाग जिला कोरिया ने किया। कार्यक्रम भारत सरकार की योजना बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत हुआ। इसमें उच्चतर माध्यमिक के विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी गई। साइबर सेल के कांस्टेबल अमरेश ठाकुर ने कहा कि अनजान लिंक और अटैचमेंट से बचें। मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें। ऑनलाइन अनुरोधों की जांच करें। संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्ट करें। रिपोर्ट के लिए 1930 टोल फ्री नंबर की जानकारी दी गई। सत्र का उद्देश्य बालिकाओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, डेटा चोरी, बैंकिंग जालसाजी, मैलवेयर, रैनसमवेयर, सॉफ्टवेयर चोरी, डी-डॉस हमलों और साइबर जासूसी जैसे खतरों से जागरूक करना था। कार्यक्रम में अमृता साहू, वित्तीय साक्षरता व समन्वय विशेषज्ञ और पुष्पा सिंह, जेंडर विशेषज्ञ ने भी भाग लिया। उन्होंने बालिकाओं को निशुल्क सैनेटरी नैपकिन बांटे। गुड टच-बैड टच की जानकारी दी। महिला हेल्पलाइन 181 नंबर की जानकारी दी गई। छात्राएं इस नंबर पर किसी भी अपराध की सूचना दे सकती हैं। विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य शिल्पी सिंह के सहयोग से सत्र सफल रहा। छात्राओं ने पूरे कार्यक्रम में उत्साह से भाग लिया। सवाल-जवाब कर अपनी समझ बढ़ाई।


