भास्कर न्यूज | कांकेर पांच सूत्री मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका संयुक्त मंच के बैनर तले एक दिवसीय हड़ताल करते कांकेर में रैली निकाली गई। सुबह से शाम तक शहर के मिनी स्टेडियम में प्रदर्शन किया गया। हड़ताल में पोषण ट्रैकर को लेकर मुख्य रूप से विरोध जताया गया। इसे लेकर संघ पदाधिकारी काफी आक्रोशित नजर आए। जिले के सभी आंगनबाड़ियों में तालाबंदी रही। जिले भर से 4000 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका सेवारत हैं, जिसमें से 90 प्रतिशत प्रदर्शन में शामिल हुईं। रैली मिनी स्टेडियम से ऊपर नीचे रोड व यहां से कोमलदेव क्लब से सेन चौक होते कलेक्टोरेट जाने निकली। कलेक्टोरेट से पहले ही रैली को पुलिस ने बैरिकेट लगाकर रोक लिया। केंद्रीय मंत्री व कलेक्टर के नाम ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। 1. आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं को पंचायत और शिक्षा कर्मियों की तरह शासकीय कर्मचारी घोषित किया जाए। 2. सेवा निवृत्ती पर बुढ़ापे के सहारे के लिए सामाजिक सुरक्षा के रूप में पेंशन, ग्रेज्युटी और समूह बीमा लागू किया जाए। 3. पहले की तरह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सपुरवाईजर पद पर सीधे पदोन्नति दी जाए। 4. वरिष्ठता के अधार पर तथा अनुभव के आधार पर वेतन दिया जाए। 5. संघ पदाधिकारियों को साजिश के तहत सेवा बर्खास्तगी और कारण बताओ नोटिस जारी करने पर रोक लगाई जाए। साथ ही पूर्व में बर्खास्त को सेवा में वापस लिया जाए।


