पांव पखार किया शृंगार, पूजन कर दिए उपहार

भास्कर न्यूज | लातेहार सरस्वती विद्या मंदिर लातेहार बाजार में नवरात्र के अवसर पर सोमवार को नव कन्या पूजन उत्सव का आयोजन हुआ। मां दुर्गा की आरती के साथ मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की कोषाध्यक्ष ज्योति चौधरी, विशिष्ट अतिथि विद्यालय मातृ भारती की अध्यक्ष रितु रानी पांडेय, संघ के विभाग पर्यावरण प्रमुख धर्मेंद्र जायसवाल एवं प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि भारतवर्ष में अनादिकाल से मातृशक्ति पूजनीय है और यह हमारे गौरव का विषय है। विशिष्ट अतिथि रितु रानी पांडे ने कहा कि नव कन्या पूजन मां दुर्गा के नौ स्वरूप के पूजन का प्रतीक है। विशिष्ट अतिथि धर्मेंद्र जायसवाल ने कहा कि भारतवर्ष मातृशक्ति के सम्मान के लिए पूरे विश्व में अपने विशिष्ट पहचान रखता है। कार्यक्रम में नव कन्या पूजन में शामिल कन्याओं का सबसे पहले पांव धोकर उनका शृंगार किया गया। उनकी आरती की गई। उनके पसंद के अनुरूप सात्विक भोजन कराया गया। सभी को कई प्रकार के उपहार, फल एवं दक्षिणा स्वरूप द्रव्य आदि भेंट किए गए। पूजित नव कन्याओं में ज्योति लकड़ा, मनस्वी वैभव, अविका कुमारी, जिया कुमारी, अदिति रानी, दिविषा सिन्हा, अनन्या गुप्ता, श्रेया रानी, आकृति गुप्ता एवं भैरव बाबा के प्रतीक के रूप में श्रेयांश पांडेय शामिल थे। आयोजन को सफल बनाने में शिशु वाटिका प्रमुख गीता कुमारी, शिल्पा कुमारी, नीलम अंबष्ट, नीलम कुमारी, पूनम कुमारी आदि ने मुख्य रूप से योगदान किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *