भास्कर न्यूज | लातेहार नवभारत साक्षरता कार्यक्रम अंतर्गत नवसाक्षरों के लिए बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक जांच परीक्षा संपन्न हुआ। राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) द्वारा जिले 10 प्रखंडों के 432 विद्यालयों में परीक्षा ली गई। परीक्षा में 40 हजार लक्ष्य के विरुद्ध 25 हजार नवसाक्षर उपस्थित हुए। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता स्वयं परीक्षा की स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। इस परीक्षा में 15 प्लस आयुवर्ग के नवसाक्षर व्यस्क शामिल हुए। भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में आई वाणी गर्ग ने मंडल कारा लातेहार के जन चेतना केंद्र के अलावा चंदवा प्रखंड के लाधुप उच्च विद्यालय एवं अमझरिया मध्य विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। परीक्षा को लेकर सभी प्रखंड संसाधन केंद्रों में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए थे। प्रतिनियुक्त डीआरजी एवं बीआरसी कर्मी से रिपोर्टिंग ली जा रही थी। वहीं जिला कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित कर जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा परीक्षा का अनुश्रवण किया जा रहा था। डीएसई सह जिला साक्षरता समिति के सचिव गौतम कुमार साहू के नेतृत्व में गठित टीम ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।


