भास्कर न्यूज | बागडेहरी बागडहरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत चरकडीह गांव में शनिवार को एक महत्वपूर्ण कम्युनिटी आउटरीच प्रोग्राम का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, तेल पाइपलाइन की सुरक्षा और बच्चा चोरी से संबंधित फैल रही अफवाहों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का संचालन बागडहरी थाना प्रभारी अमित कुमार एवं अन्य पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत साइबर अपराध से संबंधित सत्र से हुई, जिसमें पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को यह समझाने का प्रयास किया कि आज के डिजिटल युग में मोबाइल और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग कितना महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि किस प्रकार फर्जी कॉल, मैसेज, बैंक डिटेल की चोरी और सोशल मीडिया के माध्यम से ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को सलाह दी कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति से आए फोन कॉल पर अपनी निजी जानकारी, जैसे ओटीपी, बैंक खाता संख्या, आधार संख्या आदि साझा न करें। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को यह भी बताया कि यदि उनके साथ कोई साइबर ठगी होती है, तो वे तुरंत नजदीकी थाना या साइबर सेल में इसकी शिकायत दर्ज कराएं। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से उन्हें सही जानकारी मिलती है और अफवाहों से बचाव होता है। कई ग्रामीणों ने यह भी कहा कि अब वे अपने गांव में जागरूकता फैलाने के लिए स्वयं पहल करेंगे। कार्यक्रम के समापन पर बागडहरी थाना प्रभारी ने कहा, “पुलिस और जनता के बीच की दूरी को मिटाना हमारा लक्ष्य है। इस तरह के आउटरीच कार्यक्रमों के जरिए हम लोगों को कानून, उनके अधिकार और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास करते हैं। तेल पाइपलाइन की सुरक्षा है जरूरी: थाना प्रभारी कार्यक्रम के तीसरे चरण में तेल पाइपलाइन की सुरक्षा से संबंधित विषय पर ग्रामीणों को संबोधित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में गुजरने वाली तेल पाइपलाइन राष्ट्रीय संपत्ति है और इसकी सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। कुछ असामाजिक तत्व इसके साथ छेड़छाड़ कर दुर्घटनाओं को न्योता देते हैं, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है। ग्रामीणों से आग्रह किया गया कि यदि वे पाइपलाइन के आस-पास कोई संदिग्ध गतिविधि देखें, तो तुरंत इसकी जानकारी पुलिस या संबंधित तेल कंपनी को दें। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि पाइपलाइन के पास खुदाई करना, आग जलाना या भारी मशीनरी का प्रयोग करना कानूनी अपराध है।


