भास्कर न्यूज | कांकेर मेडिकल कॉलेज अस्पताल कांकेर में जहर खाने के बाद इलाज के लिए भर्ती की गई 23 वर्षीय तलाकशुदा महिला वहां से भाग गई। जानकारी होते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। उसकी तलाश में स्टाफ व सुरक्षा गार्ड शहर में निकल गए। काफी तलाश के बाद महिला होम गार्ड ने उसे एमजी वार्ड के पीछे दूध नदी वाले इलाके से पकड़ अस्पताल लायाा। युवती जहर खाने का स्पष्ट कारण तो बता नहीं रही है, लेकिन अस्पताल से भागने के पीछे इलाज के दौरान गले में पाइप डालना बता रही है। अस्पताल प्रबंधन ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। नरहरपुर के ग्राम नावडबरी निवासी महिला दिव्या सेठिया 23 साल 28 जनवरी बुधवार सुबह घर में कनेर व धतूरा फल खाकर खुदकुशी की कोशिश की। तबीयत बिगड़ी और उसे उल्टियां होने लगी, तो परिजनों ने गंभीर स्थिति में उसे कांकेर अस्पताल पहुंचाया। यहां भर्ती महिला दोपहर में इलाज के दौरान स्टाफ नर्स व अन्य को बाथरूम जाने का बहाना बना चकमा देकर भाग गई। जैसे ही इसकी जानकारी हुई स्टाफ ने उसे अस्पताल भवन में तलाश की। काफी तलाश के बाद नदी किनारे किसी के मोबाइल से बात कर रही थी। जैसे ही गार्ड को देखी भागने की कोशिश की लेकिन गार्ड ने उसे दौड़ा कर पकड़ लिया। उसे वापस अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला दिव्या सेठिया की पूर्व में आमाबेड़ा के सेंदूरमेटा के एक युवक के साथ शादी हुई थी। प्रताड़ना के चलते पिछले साल उसने उसे छोड़ दिया। वर्तमान में सुकमा कोंटा मे पदस्थ एक निजी फायनेंस कंपनी के मैनेजर से उसका दूसरा विवाह तय हुआ है। दोनों के बीच बातचीत भी है। महिला ने कहा कि सुबह फोन में बात करने के दौरान उससे विवाद हो गया, जिसके बाद मैंने जहर खा लिया। महिला ने विवाद का कारण नहीं बताया।। वहीं अस्पताल से भाग का कारण गले में पाइप डालना बताया। वापस आने पर स्टाफ ने भरोसा दिलाया कि अब पाइप नहीं डाला जाएगा।


