भास्कर न्यूज | अमृतसर दो थानों की पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 2 ग्लॉक समेत 7 पिस्तौल बरामद करके नाबालिग समेत 4 आरोपियों को काबू किया है। हथियार गैंगस्टरों को सप्लाई होने थे और गैंगवार में चलने थे। आरोपियों की पहचान सिकंदरजीत सिंह (19) निवासी भगवानपुरा, प्रदीप सिंह उर्फ बब्बल (43) निवासी अंतर्यामी कॉलोनी, जरनैल सिंह (34) निवासी न्यू शहीद उधम सिंह नगर के रूप में हुई है जबकि एक नाबालिग है जो तरनतारन का है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि प्राथमिक जांच से पता लगा है कि आरोपी सिकंदर और नाबालिग पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में थे। उनका घर सरहद के पास है और निर्धारित स्थानों से ड्रोन के जरिए फेंकी खेपें हासिल करते थे। दूसरे माड्यूल के बारे जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपी प्रदीप और जरनैल मृतक रवनीत सिंह उर्फ सोनू मोटा, जिसकी जग्गू भगवानपुरिया गैंग के साथ दुश्मनी थी, के साथी हैं। यह हथियार पाकिस्तानी तस्करों से प्राप्त किए गए आधुनिक पिस्तौल हैं और मृतक सोनू मोटा ने अपनी मौत से पहले उनको सौंपे थे। उन्होंने कहा कि इन हथियारों की बरामदगी से इलाके में बड़ी आपराधिक गतिविधि को टालने में सफलता मिली है। पुलिस ने बताया कि अप्रैल में सोनू मोटा की गैंगवार में गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। हथियार बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने आरोपियों से बाइक भी बरामद किया है, जिसका प्रयोग वह खेप पहुंचाने के लिए कर रहे थे। आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे अहम खुलासे होने की संभावना है।


