पाकुड़ जिले में गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। घायल व्यक्ति का इलाज स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। पहली घटना हिरणपुर थाना क्षेत्र के कस्तूरी गांव के पास हिरणपुर-कोटलपोखर मुख्य सड़क पर हुई। यहां एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 25 वर्षीय सोलेन हांसदा की मौके पर ही मौत हो गई। सोलेन हांसदा प्रतापपुर निवासी था और अपनी बाइक से कोटलपोखर से अपने घर जा रहा था। सूचना मिलने पर एएसआई सोहराब खान दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए पाकुड़ सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया। टोटो की टक्कर से गई जान दूसरी घटना लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में लिट्टीपाड़ा-हिरणपुर मुख्य सड़क पर लिट्टीपाड़ा स्टेट बैंक के पास हुई। गुरुवार को हेटबंधा गांव निवासी 42 वर्षीय सुनील हेम्ब्रम सड़क पार कर रहे थे, तभी एक अज्ञात टोटो ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी और फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुनील को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पाकुड़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस फरार टोटो चालक का पता लगाने में जुटी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इन दिनों सड़क दुर्घटनाओं में काफी वृद्धि हुई है। तेज गति से वाहन चलाने के कारण अक्सर ऐसी दुर्घटनाएं हो रही हैं।


