पाकुड़ जिला के मुफ्फसील थाना क्षेत्र में पत्थर के अवैध परिवहन को रोकने के लिए पुलिस के द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पाकुड़ एसडीपीओ डीएन आजाद ने गुप्त सूचना के आधार पर गिट्टी लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। वहीं जब्त ट्रैक्टर को थाना परिसर में रखा गया है। इस बाबत एसडीपीओ डीएन आजाद ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी। इसी के आलोक में कार्रवाई करते हुए ओवरलोड चिप्स लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया है। जारी रहेगा जांच अभियान उन्होंने कहा कि पत्थर के अवैध परिवहन को रोकने के लिए जिला टास्क फोर्स की टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। यह जारी रहेगी। टास्क फोर्स के द्वारा चलाए जा रहे छापेमारी अभियान के बावजूद कुछ पत्थर माफिया बेधड़क ओवरलोड चिप्स लोड कर उसे पश्चिम बंगाल भेज रहे हैं। एसडीपीओ के इस कदम से पत्थर माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। हिरणपुर थाना क्षेत्र में भी थाना प्रभारी के द्वारा कार्रवाई करते हुए अवैध पत्थर लदे कई वाहन को भी जब्त किया गया। अब अमड़ापड़ा थाना क्षेत्र और हिरणपुर थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई की जा रही है।


