पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के शहरकोल गांव में ग्रामीणों ने घर में चोरी करते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ा। ग्रामीणों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के पास से विभिन्न प्रकार की चाबियां और एक मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है। नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि शनिवार को शहरकोल के पहाड़िया टोला के ग्रामीणों ने सूचना दी कि एक व्यक्ति घर में चोरी कर रहा था और उसे पकड़ लिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और निरीक्षक बलवंत दुबे, मिथुन रजक, विपिन कुमार सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के बड़ी अलीगंज निवासी शमशेर आलम के रूप में हुई। उसके पास से चाबियों का गुच्छा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस संबंध में थाना में कांड संख्या 258/25 दर्ज किया गया है। नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार ने चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लिया है। उन्होंने नगर थाना की गश्ती टीम को पूरी तरह चौकस रहने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, दुर्गा पूजा को देखते हुए चोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं।


