पाकुड़ में दो पक्षों में विवाद, बम से हमला:पिकनिक के दौरान हुआ था तनाव, कोई हताहत नहीं; ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना

पाकुड़ के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित झिकरहाटी गांव में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद बम फोड़े जाने से तनाव फैल गया। घटना शुक्रवार को हुई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। बमबाजी में किसी के हताहत होने की भी खबर नहीं है हालांकि कुछ घर को क्षति पहुंची हैं। यह विवाद नववर्ष के अवसर पर शुरू हुआ था। बताया गया कि 1 जनवरी को गांव के पास एक खेत में पिकनिक का आयोजन किया गया था। इसी दौरान दो पक्षों के लोग आपस में उलझ गए और उनके बीच मारपीट हो गई थी। मामले को सुलझाने के लिए 1 जनवरी की रात को पंचायत मुखिया की अगुवाई में एक पंचायती भी हुई, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका। शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर तनातनी बढ़ गई, जिसके बाद एक पक्ष की ओर से बम फेंका गया। घटना की सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी कुमार गौरव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने तक कुछ महिलाएं आपस में विवाद कर रही थीं, लेकिन विवाद करने वाले मुख्य लोग मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने गांव में छापेमारी भी की, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी। मामले को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दयानंद आजाद ने बताया कि दो पक्षों में विवाद हुआ था और एक पक्ष की ओर से तीन बम फोड़े गए हैं। उन्होंने पुष्टि की कि फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। एसपी के निर्देश पर पुलिस इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *