शाजापुर में बंदर का आतंक, तीन ग्रामीण घायल:एक सप्ताह में बच्चा, महिला और किसान पर हमला, अस्पताल में एडमिट

शाजापुर जिले के मक्सी स्थित सिरोलिया गांव में बंदरों का आतंक बढ़ गया है। बीते एक सप्ताह में एक बंदर ने तीन ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों में एक महिला, एक पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं। तीनों को शाजापुर जिला चिकित्सालय में एडमिट कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बंदर अचानक लोगों पर हमला कर काट लेता है और भाग जाता है। एक महिला पर हमला तब हुआ जब वह घर के बाहर काम कर रही थी; बंदर ने उनके पैर पर कई जगह काटकर गहरे घाव कर दिए। एक पुरुष पर हमला उस समय हुआ जब वह अपने खेत की ओर जा रहा था। बच्चे पर हुए हमले में बंदर ने उसके पैर पर काट लिया, जिससे गांव में दहशत का माहौल है। अभिभावक अब बच्चों को अकेले बाहर भेजने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उनका कहना है कि वन विभाग द्वारा उन्हें पकड़ने या सुरक्षित स्थान पर छोड़ने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं। ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय पर प्रभावी कदम उठाए जाते तो इन घटनाओं को रोका जा सकता था। ग्राम पंचायत और वन विभाग मिलकर करें इस मामले में वन विभाग की डीएफओ हेमलता शाह ने बताया कि बंदरों को सुरक्षित रूप से पकड़कर जंगल में छोड़ना एक सामूहिक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए ग्राम पंचायत और वन विभाग के बीच आपसी समन्वय आवश्यक है, क्योंकि स्थानीय सहयोग के बिना यह कार्य संभव नहीं है। बंदरों को रेस्क्यू कर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा, जिससे मानव बस्तियों में होने वाली समस्याओं से राहत मिल सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *