पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक 17 वर्षीय नाबालिग आदिवासी किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। किशोरी के प्रेमी समेत चार युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए चार युवकों में से तीन नाबालिग है। इन तीनों नाबालिगों को शनिवार को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। प्रेमी बाइक से एक सुनसान मैदान में ले गया नाबालिग पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह अपने नाबालिग प्रेमी के साथ थाना क्षेत्र में एक मेला देखने गई थी। मेला में देर रात तक रुकने के बाद उसके प्रेमी ने उसे घर छोड़ने की बात कहकर बाइक से एक सुनसान मैदान में ले गया। उस समय रात के लगभग 1:30 बज रहे थे। मैदान में दोनों भुजा खा रहे थे, तभी उसके नाबालिग प्रेमी ने अपने तीन अन्य दोस्तों को वहां बुला लिया। इसके बाद, उसके प्रेमी समेत चारों युवकों ने किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। मोबाइल से परिजनों को घटना की सूचना दी दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने किशोरी को जान से मारने की योजना भी बनाई, जिसे पीड़िता ने सुन लिया। वह तुरंत वहां से भाग निकली और अपने मोबाइल से परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जिन्हें देखकर सभी आरोपी अपनी बाइक और मोबाइल छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद किशोरी अपने परिजनों के साथ महेशपुर थाना पहुंची। थाना प्रभारी रवि शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से तीन को पाकुड़िया थाना क्षेत्र से और एक आरोपी को उसके घर से पकड़ा गया। थाना प्रभारी रवि शर्मा ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म की इस घटना पर त्वरित कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारी एसआई अजय कुमार महतो, एएसआई कमल मुर्मू और अमरजीत कुमार की टीम ने मिलकर सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।


