पाकुड़ में बंद घर से लाखों के जेवर-नगद चोरी:परिवार बेटी की शादी में गया था, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने जुटाए साक्ष्य

पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के बागान पाड़ा स्थित विष्णु कुमार अग्रवाल के बंद घर में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए के जेवर और नकदी चोरी कर ली। परिवार बेटी की शादी में पश्चिम बंगाल के आसनसोल गया हुआ था। चोरी का पता सोमवार देर शाम परिवार के घर लौटने पर चला। चोरों ने घर की बाहरी बाउंड्री फांदकर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में प्रवेश किया। वे घर में रखे लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। अग्रवाल परिवार 29 नवंबर को बेटी की शादी के लिए आसनसोल गया था। सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही पुलिस इधर, सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन शुरू की। पुलिस ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। मौके पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके। थाना प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि चोरी की घटना हुई है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जल्द ही चोरी का खुलासा कर लिया जाएगा। इस घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *