पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के बाजार स्थित एक नंबर गली में बिजली के खंभे पर लगे तार में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार को ही बिजली विभाग द्वारा उक्त पोल पर प्लास्टिक कवर वाला तार लगाया गया था। शनिवार को बाजार में काफी भीड़भाड़ थी। इसी दौरान पोल से गुजर रहे बिजली के तार के कवर से धुआं निकलने लगा। लोगों के समझने से पहले ही तार से आग की लपटें उठने लगीं। लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी तार के कवर से उठ रहे धुएं को देखकर पोल के नीचे स्थित दुकानदार ने हो-हल्ला किया, जिससे सभी लोग मौके से हट गए। शोर सुनकर मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी। बिजली विभाग ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। इसके बाद आसपास के दुकानदारों ने आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली के खंभे से गुजरे तार के कवर से काला धुआं उठ रहा था, जिसके बाद अचानक आग की लपटें दिखाई दीं। उन्होंने बताया कि मौके पर काफी भीड़ थी और बड़ी दुर्घटना हो सकती थी, लेकिन लोगों की सावधानी के कारण ऐसा नहीं हुआ।


