पाकुड़ में शनिवार को सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन और नेत्र रोग जांच के लिए स्वास्थ्य हूल महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि महेशपुर विधानसभा के विधायक प्रोफेसर स्टीफन मरांडी ने किया। महोत्सव में 3518 मरीजों की स्वास्थ्य की जांच हुई और 247 मरीजों को दवा उपलब्ध कराई गई है। वहीं, 8 महिला को एडवांस स्टेज का सर्वाइकल कैंसर पाया गया, जिन्हें रिम्स रांची भेजा गया है। 289 महिलाएं की जांच हुई, जिसमें सर्वाइकल इरोजन की 14 मरीज और प्री कैंसर की 7 मरीज पाए गए। शिविर में 14 महिलाओं का क्रायो उपचार किया गया। शिविर में आंख जांच कराने 451 लोग पहुंचे, जिसमें 175 मरीजों को मोतियाबिंद की शिकायत मिली और कॉर्निया जनित दृष्टिहीनता के 10 मरीज मिले। आंख जांच के दौरान जन्म से ही अविकसित आंखों के चार बच्चे मिले। इस मौके पर डीसी मनीष कुमार, एसपी प्रभात कुमार, पूर्व राष्ट्रीय सह अध्यक्ष, विमेन डॉक्टर्स विंग, आई.एम.ए, प्रदेश अध्यक्ष, विमेन डॉक्टर्स विंग, आई.एम.ए झारखंड डॉ भारती कश्यप, जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिष्टमणि हेम्ब्रम, डीडीसी महेश कुमार संथालिया, सिविल सर्जन डॉ. मंटू कुमार टेकरीवाल उपस्थित रहें।


