फेनेटिक क्लब ने देवेंद्र मांझी क्रिकेट क्लब को हराया:9वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता, 14 रनों से जीता मैच

9वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को फेनेटिक क्लब ने देवेंद्र मांझी क्रिकेट क्लब को हरा दिया। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित मैच को फेनेटिक क्लब ने 14 रनों से जीत लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए फेनेटिक क्लब की पूरी टीम 28.2 ओवर में 174 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। हालांकि फेनेटिक क्लब की हालत उस समय काफी खराब हो गई थी, जब उसके 8 विकेट मात्र 82 रन के स्कोर पर गिर गए थे। इसके बाद सावन गोप ने नौवें विकेट के लिए सूरज कुमार मिश्रा के साथ मिलकर 53 रनों की साझेदारी निभाकर टीम को संकट से उबारा। सावन गोप ने मात्र छियालीस गेंदों का सामना कर सात चौके और पांच छक्के की मदद से 72 रन ठोक डाले। अन्य बल्लेबाजों में सूरज कुमार मिश्रा ने 25 रन, अंश राज ने 20 रन और जितेंद्र दास एवं कृष्णा देवगम ने 14-14 रनों का योगदान दिया। देवेंद्र मांझी क्रिकेट क्लब की ओर से शुभम रॉय ने 23 रन देकर चार विकेट तथा आदित्य कुमार यादव ने 31 रन देकर दो विकेट हासिल किए। रोनित थापा, फैजान सोहैल अंसारी एवं राहुल कुमार को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ। 160 रन बनाकर ऑल आउट हो गई देवेंद्र मांझी की टीम जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी देवेंद्र माँझी क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 26.3 ओवर में 160 रन बनाकर आल आउट हो गई और 14 रनों के अंतर से मैच गंवा बैठी। इस टीम की ओर से राहुल कुमार ने दस चौके और एक छक्का की सहायता से 63 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में पितांबर ने 37, शुभम रॉय ने 14 तथा सोनु कुमार ने 11 रनों का योगदान दिया। फेनेटिक क्लब की ओर से बल्लेबाजी में अपना दम दिखाने के बाद सावन गोप ने गेंदबाजी में भी कहर बरपाया और मात्र 21 रन खर्च कर पांच विकेट लेकर विपक्षी टीम की मानों कमर ही तोड़ दी। कृष्णा देवगम ने दो विकेट हासिल किए जबकि बापी कर्मकार, अनमोल टोपनो एवं शुभेन्दु बेहरा को एक-एक सफलता हाथ लगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *