रामपुरहाट-साहिबगंज रेल खंड पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 29 नवंबर को पाकुड़ रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कई ट्रेनें रद्द रहेंगी। जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। हावड़ा डिवीजन द्वारा जारी पत्र के अनुसार, 27 से 29 नवंबर तक नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। मालदा-सूरत एक्सप्रेस विलंब से चलेगी 29 नवंबर, शनिवार को 63063 वर्धमान-तीनपहाड़ ईएमयू और 63064 डाउन तीनपहाड़-वर्धमान ईएमयू ट्रेनें रद्द रहेंगी। इसी दिन मालदा-सूरत एक्सप्रेस विलंब से चलेगी। वहीं, 13053 हावड़ा-राधिकापुर कुलिक एक्सप्रेस, 13032 हावड़ा-जयनगर एक्सप्रेस, 13174 अप कंचनजंगा एक्सप्रेस और कामाख्या-एलटीटी एक्सप्रेस के मार्ग में बदलाव किया गया है। रामपुरहाट-गया पैसेंजर 30 नवंबर को साहिबगंज से चलेगी कुछ यात्री ट्रेनों का सफर आधे रास्ते में समाप्त होगा। 29 नवंबर को 53408 जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर साहिबगंज तक ही चलेगी, जबकि 53403 रामपुरहाट-गया पैसेंजर 30 नवंबर को साहिबगंज से ही अपनी यात्रा शुरू करेगी। रेलवे स्टेशन प्रबंधक लखीराम हेंब्रम ने बताया कि यह निर्णय नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण लिया गया है। इस कार्य के पूरा होने के बाद सिग्नल सिस्टम में काफी सुधार होगा। इन बदलावों से दैनिक यात्रियों, छात्रों और मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।


