अमृतसर | अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर अर्थात श्री हरमंदर साहिब के नींव पत्थर रखने के दिन को पाकिस्तान में भी श्रद्धा भाव से मनाया जाएगा। यह समागम गुरुद्वारा श्री करतार पुर साहिब में 14 जनवरी को होगा। इस मौके पर गुरु साहिब के बुलावे पर लाहौर से आकर अमृतसर में नींव पत्थर रखने वाले सूफी फकीर साईं मियां मीर की गद्दी के वारिस साईं सैय्यद अली रहा गिलानी कादरी खास रूप से शामिल होंगे। गौर हो कि साईं मिया मीर का सिख धर्म के प्रति शुरू से ही झुकाव था। वे लाहौर के रहने वाले थे और सिखों के पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी के दोस्त थे। जब हरमंदर साहिब के निर्माण पर विचार किया गया, तो फैसला हुआ था कि इस पावन स्थान पर सभी धर्मों के लोग आ सकेंगे। इसके बाद गुरु साहिब ने साईं जी को बुलवाई और दिसंबर 1588 में उनके हाथों से नींव रखवा कर आपसी सौहार्द और सर्वधर्म सम्मान का संदेश दिया। खैर, सरहद पार समागम में अरदास होगी और उक्त दिन की महिमा-महत्ता पर रोशनी डाली जाएगी।


