पाटनी कॉलेज में करियर गाइडेंस, मानवाधिकार कार्यशाला:छात्रों को मिली करियर जागरूकता और कौशल विकास की नई दिशा

रतनलाल कंवरलाल पाटनी राजकीय पीजी कॉलेज में बुधवार को करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट वर्कशॉप के साथ मानवाधिकार दिवस का संयुक्त आयोजन किया गया। ये कार्यक्रम IQAC, प्लेसमेंट सेल और युवा साथी केंद्र अजमेर के तत्वावधान में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. जे.पी. शुक्ला ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते वैश्विक परिवेश में युवाओं के लिए अवसर और चुनौतियां दोनों बढ़ी हैं। उन्होंने करियर मार्गदर्शन कार्यक्रमों को छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। युवा साथी केंद्र से अंकिता अग्रवाल ने संस्था की कार्यप्रणाली और युवाओं के लिए उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी। करियर काउंसलर आलिया अंसारी ने यूथ साथी पोर्टल और इसके 5E मॉडल (एजुकेशन, एंटरप्रेन्योरशिप, एम्पावरमेंट, एंटरटेनमेंट और एम्प्लॉयमेंट) पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि ये मॉडल युवाओं को रोजगार के साथ आत्मनिर्भरता की ओर सशक्त करता है। हिंदुस्तान जिंक कौशल के प्लेसमेंट ऑफिसर संदीप गौतम ने उद्योग जगत की कौशल अपेक्षाओं, जॉब-रेडी स्किल्स, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और रोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उद्योग तकनीकी दक्षता के साथ संवाद, नेतृत्व और विश्लेषणात्मक क्षमताओं वाले युवाओं को प्राथमिकता दे रहे हैं। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में मानवाधिकार दिवस मनाया गया। मुख्य वक्ता डॉ. लोक बंधु सिंह ने मानवाधिकारों की प्रासंगिकता, उद्देश्य और सामाजिक महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मानवाधिकार प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा, समानता और न्याय का आधार हैं और छात्रों को जागरूक, संवेदनशील तथा उत्तरदायी नागरिक बनने का संदेश दिया। इस दौरान छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में आलिया अंसारी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कॉलेज के सभी विभागों के संकाय सदस्य, प्लेसमेंट सेल टीम, युवा साथी केंद्र के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *