पादरू में आरएसएस का पथ संचलन:विजयादशमी उत्सव पर निकला, महंत परशुराम गिरी ने एकता का आह्वान किया

बालोतरा जिले के पादरू कस्बे में विजयादशमी उत्सव के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का पथ संचलन आयोजित किया गया। यह संचलन कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए उत्सव स्थल पर पहुंचा। इस कार्यक्रम में श्रीमठ कनाना के महंत परशुराम गिरी महाराज का सानिध्य रहा। उन्होंने सर्व हिंदू समाज से एकजुट होकर संघ की शाखाओं में व्यक्तित्व निर्माण करने का आह्वान किया। जोधपुर प्रांत के सह प्रांत प्रचारक राजेश भी उपस्थित रहे। संचलन का स्वागत कस्बे के मुख्य मार्गों और चौराहों पर रंगोली, दीप प्रज्वलित कर और महाआरतियों के माध्यम से किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पादरू से शुरू हुए संचलन को देखने के लिए मुख्य मार्ग के दोनों ओर महिलाओं, बच्चों, पुरुषों और ग्रामवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी। कस्बेवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर संचलन का अभिनंदन किया। मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन और व्यापारियों ने भी पुष्प वर्षा की। मुस्लिम समाज द्वारा भी पथ संचलन का स्वागत किया गया। कार्यक्रम की ड्रोन कैमरों से रिकॉर्डिंग और चित्रांकन भी किया गया। इस उत्सव में लगभग 721 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर भव्य पंडाल और मंच सज्जा की गई थी, जिसमें लगभग 1100 स्वयंसेवकों के बैठने और 5 से 7 हजार लोगों के देखने की व्यवस्था थी। पधारे हुए मेहमानों और ग्रामवासियों के लिए अल्पाहार और जलपान की व्यवस्था भी की गई थी। पुलिस प्रशासन ने संचलन के लिए पुख्ता व्यवस्था की थी। चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस विभाग ने शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल सुनिश्चित किया। पुलिस ने मुख्य मार्गों का जायजा लेकर व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *