उदयपुर की डबोक थाना पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बिना लाइसेंस चल रहे एक अवैध पेट्रोल पंप पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 6644 लीटर अवैध पेट्रोल जब्त किया है। साथ ही एक पेट्रोल पंप मशीन, भूमिगत टैंक और कैंपर गाड़ी में भरे तीन ड्रम ईंधन भी बरामद किए गए हैं। आईपीएस प्रशिक्षु आशिमा वासवानी ने बताया कि डबोक-मावली रोड पर अवैध पेट्रोल पंप चलने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस और रसद विभाग की टीम ने सालेरा कला गांव में छापा मारा। यहां एक कृषि फॉर्म की चारदीवारी के अंदर पेट्रोल पंप मशीन लगी मिली। जमीन के नीचे टैंक से एक पाइप मशीन से जुड़ा हुआ था और मशीन चालू हालत में थी। वहीं पास में खड़ी एक कैंपर गाड़ी में तीन प्लास्टिक ड्रम पेट्रोल से भरे मिले। रात का समय और आबादी नजदीक होने के कारण आग लगने की आशंका देखते हुए पुलिस ने पेट्रोल पंप मशीन और ऑफिस को सील कर दिया। एचपीसीएल टीम ने मौके से तेल के सैंपल लेकर डीएनसीटी और एफएसएल जांच के लिए भेजे। बाद में जेसीबी और हाइड्रो मशीन की मदद से भूमिगत टैंक निकाला गया और पेट्रोल पंप मशीन को जब्त किया गया। मौके से कुल 6644 लीटर अवैध पेट्रोल, एक कैंपर गाड़ी और एक भूमिगत टैंक जब्त हुए हैं। खेत मालिक लक्ष्मण लाल ने बताया कि उसने खेत को सराड़ा निवासी गोविंद पुत्र धूला पटेल को तीन साल के लिए लीज पर दे रखा है। इसके एवज में वह हर माह 20 हजार रुपए किराया लेता था। पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालक गोविंद पटेल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी के पकड़े जाने के बाद पेट्रोल के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हो सकता है। इस कार्रवाई में प्रशिक्षु जिला रसद अधिकारी सृष्टि व्यास और रसद विभाग के जांच अधिकारी पिंकी भाटी, निशा मूंदड़ा और हिमानी सोलंकी के अलावा डबोक थानाधिकारी हुकुम सिंह, एएसआई शीशराम, लालचंद, कांस्टेबल सुरेंद्र, विलास, विकास कुमार की टीम शामिल रही।


