पानी की किल्लत, मांगी बोरिंग की अनुमति:निगम के जनता दरबार में लोगों ने सुनाई पीड़ा, समाधान नहीं सिर्फ आश्वासन मिला

रांची नगर निगम की ओर से आम लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए जनता दरबार की शुरूआत की गई है। शनिवार को निगम कार्यालय में लगे जनता दरबार में आए लोगों ने शिकायतों की झड़ी लगा दी। पानी की किल्लत, कूड़ा नहीं उठने, अतिक्रमण और स्ट्रीट लाइट खराब होने की सबसे अधिक शिकायतें आईं। कुल 24 लोग जनता दरबार में पहुंचे। इसमें स्वच्छता से जुड़े 5, राजस्व शाखा से जुड़े 7, इंफोर्समेंट और विद्युत शाखा से जुड़े 3, जन्म-मृत्यु से संबंधित एक और इंजीनियरिंग औैर टाउन प्लानिंग से जुड़े पांच मामले आए। सहायक प्रशासक सूरज प्रकाश सिंह चौधरी ने लोगों की समस्याएं सुनी। हालांकि, तत्काल समाधान के बजाय लोगों को समाधान करने का आश्वासन मिला। वार्ड नंबर-34 निवासी सोनी चौरसिया ने अपने मुहल्ले में पानी की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अधिकतर बोरवेल फेल हो गए हैं। पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। मुहल्ले के लोग मिलकर बोरिंग कराना चाहते हैं, निगम सड़क पर बोरिंग कराने की अनुमति दे, ताकि हरेक घर को पानी मिले। अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर बोरिंग की अनुमति नहीं दी जा सकती। वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। अतिक्रमण से हो रही परेशानी वार्ड 18, 19 और 20 के लोगों ने कहा कि वेंडर जोन के बावजूद सड़क का अतिक्रमण किया जा रहा है। इससे लोगों को परेशानी होती है। वार्ड 19 की अंजू कुमारी ने होल्डिंग टैक्स में गड़बड़ी की शिकायत की। मामले की जांच कर सुधार का आश्वासन मिला। विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने घर से कूड़े का उठाव नहीं होने, नालियों की सफाई नहीं होने, सड़क-नाली नहीं होने और स्ट्रीट लाइट खराब रहने की शिकायत की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *