उमरिया जिले के करकेली जनपद पंचायत के बरही गांव में पांच साल बाद भी नल जल योजना का पानी घरों तक नहीं पहुंचा है। इससे ग्रामीणों को पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरही गांव में जब पानी टंकी का निर्माण शुरू हुआ, तब ग्रामीणों में खुशी की लहर थी कि अब घरों तक पानी पहुंचेगा, लेकिन समय के साथ बरही गांव के ग्रामीणों की पानी की आस समाप्त होती जा रही है। बरही गांव में पानी की टंकी बनकर तैयार हो गई है, लेकिन गांव में पाइप लाइन नहीं डाली गई, जिसके कारण पानी घरों तक नहीं पहुंच पा रहा है। जिन घरों में नलों के कनेक्शन कराए गए थे। उनके कनेक्शन भी उखड़ गए हैं। हैंडपंप कुएं और अन्य साधनों से पानी बरही गांव के सतीश बैरागी ने बताया कि टंकी बनकर तैयार हो गई है, ठेकेदार की लापरवाही के कारण पाइपलाइन नहीं डाली गई। योजना तो अच्छी है, लेकिन योजना का लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच पाया है। हमें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हैंडपंप और निजी साधनों से पानी लाकर उपयोग करते हैं। वीर सिंह साहू ने बताया कि नल जल योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूर-दूर से पानी लाकर घर में उपयोग करते हैं। पीएचई विभाग के एसडीओ आरके गुप्ता ने बताया कि ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। जल्द ही नल जल योजना का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। और घरों तक पानी पहुंचेगा।


