थाना कूमकलां की पुलिस ने खेतों में लगी पानी की मोटरों से बिजली की तारें चोरी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 16.500 किलो तांबे की तार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, थाना कूमकलां की टीम चौकी कटानी कलां क्षेत्र में नाकाबंदी कर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ युवक साहनेवाल, रामगढ़ और कूमकलां इलाके में मोटरों से बिजली की तारें चोरी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुखविंदर सिंह, गोल्डी सिंह और सतबीर सिंह को काबू कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी खेतों में लगी मोटरों से तारें काटकर ले जाते थे। बाद में तारों को जला कर उनमें से तांबा निकालते और उसे कबाड़ी को बेच देते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि तांबा बेचकर मिले पैसों से वे नशा करते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि उनसे अन्य वारदात के संबंध में भी पूछताछ की जा सके।


