मोहन गौशाला दांता में गुरुवार को आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर के कुलपति वैद्य प्रदीप कुमार प्रजापति ने भ्रमण किया। प्रजापति ने वन्य जीवों, औषधियों, पंचगव्य एवं पारंपरिक चिकित्साओं का अवलोकन कर जानकारी हासिल की। गोशाला के विभिन्न गौ कक्षों का अवलोकन कर पंचगव्य चिकित्सक खेमाराम आर्य के सानिध्य में परिचर्चा का आयोजन किया। आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक एवं पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों पर बारीकी से चर्चा की। खेमाराम की ओर से पंचगव्य युक्त राब और वात पित्त का शमन के लिए पारंपरिक गोमय काढ़ा पिलाया गया। उसके बाद तारातरा मठ पहुंच कर नाथ सम्प्रदाय की गुरु परम्परा के संतों का दर्शन किया। साथ ही गोमरख पर्वत पर पोकरण विधायक प्रतापपुरी महाराज की ओर से किए गए जल जीव संरक्षण, प्रकृति संरक्षण के कार्यों का अवलोकन किया।


