भास्कर न्यूज | गिरिडीह. पुलिस ने खुखरा थाना क्षेत्र के पारसनाथ पहाड़ी के जोकाई नाला और चतरो कानाडीह के पास गड्ढे में छुपाकर रखे गए विस्फोटक बरामद किए। नक्सलियों ने किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए इन्हें छुपाया था। पुलिस ने मौके से 300 मीटर कोडेक्स वायर और 13 लीटर विस्फोटक तरल रसायन जब्त किया। यह रसायन विस्फोट में इस्तेमाल होता है। इसकी जानकारी बुधवार को एसपी डॉ. बिमल कुमार ने पपरवाटांड़ स्थित एसपी कार्यालय में प्रेस वार्ता में दी। कहा कि उन्हें और सीआरपीएफ 154 बटालियन के कमांडेंट सुनीलदत्त त्रिपाठी को सूचना मिली थी कि पारसनाथ जंगल में भारी मात्रा में विस्फोटक छुपाकर रखा गया है। सूचना की पुष्टि के लिए संयुक्त टीम बनाई गई। टीम का नेतृत्व सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी कुमार ओम प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक अभियान सुरजीत कुमार और सीएच तोम्बा सहायक कमांडेंट ने किया। एसपी और कमांडेंट के निर्देश पर मंगलवार को सीआरपीएफ 154 बटालियन, खुखरा थाना पुलिस, बीडीडीएस और डॉग स्क्वॉड की मदद से सघन छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान जोकाई नाला और चतरो कानाडीह के पास गड्ढे में छुपाए गए विस्फोटक बरामद किए गए। एसपी ने कहा कि विस्फोटक छुपाने वाले नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जिले में नक्सलियों के मंसूबे कभी पूरे नहीं होने दिए जाएंगे। पुलिस उनकी हर गतिविधि पर कड़ी नजर रख रही है।


