जालंधर , मंगलवार,10जून,2025 भास्कर न्यूज | जालंधर गर्मी के जोर पकड़ते ही बिजली लाइनें हांफने लगी हैं। सोमवार को रात 10 बजे रेलवे स्टेशन की बैक साइड पर स्थित रेडियल बिजली ग्रिड में खराबी आ गई। बिजली ग्रिड के अंदर जो मुख्य पावर लाइन में करंट की सप्लाई आती है, इसमें लगे इन कमर स्विचिंग उपकरणों में फॉल्ट आ गया। इस कारण अलग-अलग इलाकों को बिजली सप्लाई बंद हो गई। रात डेढ़ बजे तक पावर ग्रिड में आई खराबी को दूर नहीं किया जा सका था। बहरहाल रात दो बजे के बाद कुछ इलाकों में बिजली सप्लाई शुरू की जा सकी। लोगों ने 10 बजे से लेकर रात दो बजे तक अघोषित ब्लैकआउट का सामना किया। आमतौर पर जब किसी मोहल्ले को जाने वाले फीडर में खराबी आती है तो वैकल्पिक बिजली सप्लाई दे दी जाती है। लेकिन जो खराबी रेडियल बिजली ग्रिड में आई है, वह अधिक गंभीर होने के कारण सीमित समय में ठीक नहीं की जा सकी। वैकल्पिक बिजली सप्लाई देने का प्रबंध भी नहीं किया जा सका। ऐसे में रात 2 तक भी बिजली सप्लाई चालू करना संभव नहीं था। सोमवार को गर्मी शीर्ष पर पहुंचने के बाद बिजली के तारों पर लोड कई गुना बढ़ गया है। पावरकॉम के लोड डिस्पैच सेंटर में बिजली की डिमांड 15300 मेगावाट पाई गई है। जो की साधारण दिनों में 10000 मेगा वॉट से कम होती है। रेलवे स्टेशन के पीछे का बिजली ग्रिड कई दशक पुराना है। जबकि इससे बिजली लेने वाले पुराने मोहल्ले में एयर कंडीशनर का लोड बढ़ गया है। 45 डिग्री की गर्मी में पुराने बिजली उपकरण का दम टूट गया। दोमोरिया पुल निवासी यादव खोसला ने कहा कि दिन में भी 4 से 5 घंटे तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा। ऐसे ही हालात रात में भी बने इससे बेहद परेशानी हुई। अजीत नगर, बशीरपुरा, रेलवे स्टेशन रोड, दोमोरिया पुल, विकासपुरी, अमरीक नगर, मुस्लिम कॉलोनी, इकहरी पुली, संतोखपुरा सहित आसपास के इलाकों में ब्लैक आउट रहा। देर रात तक लोग कंट्रोल रूम में शिकायत करते रहे पर लोगों को कोई राहत नहीं पहुंचाई जा सकी। लोगों के घरों का इनवर्टर भी बैठ गया। इस वजह से भीषण गर्मी में लोगों को रात गुजारनी पड़ी। बिजली विभाग यह बताने में भी सक्षम नहीं है लाइट कब तक ठीक हो पाएगी। बहरहाल रात दो बजे के बाद शहर के कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। फिर भी लोगों को काफी परेशानी हुई।


