12 से ईजी जमाबंदी, मोबाइल पर इंतकाल होगा अप्लाई व्हाट्सएप पर मिलेगा रिकॉर्ड

भास्कर न्यूज | जालंधर रेवेन्यू विभाग की तरफ से 12 जून से पंजाब भर में ईजी जमाबंदी को लागू किया जा रहा है। इसके बाद व्हाट्सएप पर ही जमाबंदी हासिल करने से लेकर इंतकाल के लिए घर बैठे मोबाइल पर अप्लाई किया जा सकता है। इसके लिए चंडीगढ़ से सारी ट्रेनिंग प्रकिया पूरी की जा चुकी है और पंजाब लैंड रिकॉर्ड की आफिशियल वेबसाइट से बीटा वर्जन को हटाकर पूरी तरह से लागू कर दिया गया है, लेकिन 12 जून से सरकार की तरफ से इसकी आधिकारिक रूप से लॉन्चिंग की जा रही है। इसे लेकर एएसएस, डीएसएम, पटवारी, कानूनगो, तहसीलदार, तकनीकी असिस्टेंट से लेकर फर्द केंद्र के मुलाजिमों की दो चरणों में ट्रेनिंग भी पूरी की जा चुकी है। ईजी रजिस्ट्रेशन से पहले ईजी जमाबंदी को शुरू किया जाएगा। इस सर्विस की शुरुआत के बाद इंतकाल को अपडेट करवाने और फर्द बदल के लिए लोगों को तहसीलों और पटवारियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, क्योंकि मैनुअल सारी प्रकिया खत्म करके इसे ऑनलाइन किया जा रहा है। पंजाब सरकार जलद इंतकाल अपडेट करवाने सहित कुल 4 सेवाओं को ईजी इंतकाल के रूप में ऑनलाइन कर रही है। आवेदन के बाद सीधा पटवारी की आईडी में रिक्वेस्ट जाएगी, जिसके बाद कानूनगो और फिर तहसीलदार की तरफ से इसे अप्रूवल दी जाएगी। पंजाब में इस समय इंतकाल सहित रपट और फर्द बदल के लिए लोगों को मैनुअल ही विनती पत्र तहसीलदार के नाम पर पटवारी को देना पड़ता है। ऑनलाइन होने से संबंधित पटवारी की पेंडेंसी का पता चलेगा और साथ ही रिकॉर्ड भी सारा ऑनलाइन होगा। पहले किसी की जवाबदेही नहीं थी, अब पेंडेंसी का पता चलेगा और तय दिनों में काम होगा। इसके लिए अगर लोग खुद कंप्यूटर जानकार हैं तो वे खुद ही पंजाब लैंड रिकॉर्ड की वेबसाइट पर जाकर सुविधा हासिल कर सकते हैं, इसके लिए क्यूआर कोड से ऑनलाइन पेमेंट का प्रावधान रहेगा। विरासत के आधार पर इंतकाल और वसीके के आधार पर इंतकाल के लिए 600 रुपए फीस है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *