धौलपुर के गंगाबाई बगीची मोहल्ले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पारिवारिक कलह से परेशान 28 वर्षीय महिला ने अपने घर में साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान पूनम के रूप में हुई है, जिसकी शादी वर्ष 2017 में श्री कृष्ण के साथ हुई थी। घटना उस समय हुई जब पूनम का पति श्री कृष्ण, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर है, ड्यूटी पर बाहर गया हुआ था। तीन बच्चों की मां पूनम ने रात के समय कमरे में साड़ी से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। कोतवाली थाना प्रभारी हरि नारायण के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पारिवारिक गृह क्लेश को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को सूचित कर दिया है। परिजनों के आने के बाद मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।


