लुधियाना| धर्मपुरा इलाके में कार पार्किंग को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक दुकानदार ने दूसरे दुकानदार पर तेजधार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू लगने से दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत कार में डालकर निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना 24 दिसंबर की बताई जा रही है और पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक दुकानदार ने अपनी दुकान के बाहर कार खड़ी की हुई थी। इसी दौरान पास की दुकान का दूसरा दुकानदार वहां पहुंचा और कार खड़ी करने पर आपत्ति जताते हुए पूछा कि क्या कार यहीं खड़ी रहेगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। विवाद बढ़ने पर एक दुकानदार तैश में आ गया और अपनी दुकान में रखा चाकू उठाकर कार सवार दुकानदार पर कई वार कर दिए। चाकू लगते ही दुकानदार लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही थाना-3 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना-3 के एसएचओ जगदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिल चुकी है। घायल की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


