भाई के घर से गहने चोरी करने का आरोप, सगी बहन पर केस

लुधियाना| डाबा रोड स्थित न्यू शिमलापुरी इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने ही भाई के घर से सोने के गहने चोरी करने का आरोप लगा है। पीड़ित भाई की शिकायत पर थाना शिमलापुरी पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ चोरी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। न्यू शिमलापुरी निवासी लव विष्णु वैद ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन भावना, जिसकी शादी देहरादून में हुई है, 1 अक्टूबर को पति सुमंत सिंह से विवाद और मारपीट के बाद उसके घर आकर रहने लगी थी। घर आने के बाद से ही भावना का उसकी पत्नी प्रिया के साथ छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होने लगा, जिससे घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। पीड़ित के अनुसार, 4 अक्टूबर को मौका पाकर भावना ने घर की अलमारी से उसकी पत्नी के सोने के गहने-एक हार, एक अंगूठी और पेंडेंट लगी सोने की चेन चोरी कर ली। इसके अगले दिन 5 अक्टूबर को वह बिना बताए घर से चली गई। बाद में जब गहनों की तलाश की गई तो उनके गायब होने का पता चला। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। मामले के जांच अधिकारी एएसआई शैलिंदर पाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी भावना के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *