शोरूम से 6 लाख की हेराफेरी, स्टोर मैनेजर कैश लेकर फरार

भास्कर न्यूज | लुधियाना मॉडल टाउन के मेन मार्केट स्थित वॉक फुटवियर शोरूम से करीब 6 लाख रुपए की नकदी और मेंटेनेंस फंड चोरी होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शोरूम का ही स्टोर मैनेजर यह रकम लेकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शोरूम में असिस्टेंट स्टोर मैनेजर के पद पर काम करने वाले अंकुश ने पुलिस को बताया कि वह मॉडल टाउन स्थित वॉक फुटवियर शोरूम में कार्यरत है। उसी शोरूम में परमानंद भट्ट स्टोर मैनेजर के तौर पर तैनात था। शोरूम की पूरी सेल, खरीद और नकदी का हिसाब-किताब, साथ ही मेंटेनेंस फंड की जिम्मेदारी भी परमानंद भट्ट के पास ही थी। कंपनी की ओर से उसे यह अधिकार दिया गया था कि वह रोजाना की सेल की रकम कंपनी के खाते में जमा करवाए। शिकायत के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से परमानंद भट्ट निजी कारणों का हवाला देकर दैनिक सेल की रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं कर रहा था। इसको लेकर सीनियर अधिकारियों ने कई बार कंपनी ग्रुप में निर्देश भी दिए थे। इसके बावजूद 17 दिसंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे शोरूम की पूरी सेल और मेंटेनेंस फंड की रकम, जो करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है, अपने साथ लेकर फरार हो गया। अंकुश का कहना है कि आरोपी के जाने के बाद जब रिकॉर्ड की जांच की गई, तो कैश गायब मिला। मामले से जुड़े रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज जल्द पुलिस को सौंपे जाएंगे। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और शोरूम के वित्तीय रिकॉर्ड व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *