दिनेश तिवारी लुधियाना| एलआईजी फ्लैट्स के पास स्थित पार्क के नजदीक एक युवक का शव संदिग्ध हालात में मिला। युवक का पैर रस्सियों से बंधा हुआ था और शव खंभे से बांधकर छोड़े जाने की स्थिति में मिला, जिससे हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई जा रही है। सुबह करीब 7 बजे पार्क के पास खेल रहे बच्चों ने शव को देखा और इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। इसके बाद स्थानीय निवासी गग्गू और गर्ग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। लोगों ने बताया कि शव के मुंह से खून निकल रहा था, सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और युवक दिव्यांग प्रतीत हो रहा था। शव की स्थिति देखकर साफ लग रहा था कि युवक से मारपीट की गई है। सूचना मिलने पर थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान 31 वर्षीय दिनेश तिवारी के रूप में हुई है, जो यूपी का रहने वाला था और वर्तमान में गुरु अर्जन देव नगर इलाके की 6 नंबर गली में रह रहा था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही ह। हत्या की आशंका के एंगल से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


