पार्षदों का कार्यकाल समाप्त बता आपत्ति लगाने का आरोप, सौंपा ज्ञापन

भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा नगर निगम भीलवाड़ा के पार्षदों का कार्यकाल समाप्त होना बताकर आमजन को परेशान करने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के खिलाफ भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री एवं जिलाध्यक्ष पंकज कुमार प्रजापत के नेतृत्व में प्रतिनिधि मण्डल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मण्डल में प्रदेश उपाध्यक्ष बीएल तोलम्बिया, प्रदेश महासचिव करण दीवान कटारिया, जिला उपाध्यक्ष मोहित माथुर, पंकज कुमार प्रजापत ने बताया कि शिक्षा सत्र 2025-26 के लिए आरटीई के तहत निःशुल्क प्रवेश प्रक्रिया जनवरी से शुरू होने वाली है। इसके लिए अभिभावक अपने बच्चों के मूल निवास और जाति प्रमाण पत्र बनवा रहे हैं। आरोप है कि भीलवाड़ा तहसील के संबंधित कर्मचारी द्वारा आवेदनों पर ऑब्जेक्शन लगाकर रिटर्न किया जा रहा है कि नगरीय निकायों का कार्यकाल समाप्त होने के कारण पार्षदों की सील व साइन वैध नहीं है। प्रदेश महासचिव करणदीवान कटारिया ने कहा कि नगर निगम के पार्षदों का कार्यकाल अभी समाप्त नहीं हुआ है और न ही राज्य सरकार ने ऐसा कोई आदेश जारी किया है। इसके बावजूद आवेदकों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब अभिभावक तहसील कार्यालय में जानकारी मांगते हैं, तो कर्मचारी उन्हें राजकार्य में बाधा और शांति भंग का मुकदमा दर्ज करने की धमकियां देते हैं। पंकज प्रजापत ने आरोप लगाया कि सीधे आवेदन करने वालों को परेशान किया जाता है, जबकि दलालों के माध्यम से आने वाले आवेदनों को बिना किसी आपत्ति के तुरंत निपटा दिया जाता है ज्ञापन में मांग की गई कि गलत आपत्ति लगाने वाले और जनता को धमकाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने, तहसील और एसडीएम कार्यालय के बाहर बड़े बोर्ड लगाकर उन दस्तावेजों और अधिकृत व्यक्तियों की सूची चस्पा की जाए, जिनके हस्ताक्षर मान्य हो एवं भ्रष्ट कार्यप्रणाली पर लगाम लगाई जाए। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष मोहित माथुर, रियांश कटारिया, जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम रेगर, जिला मंत्री प्रशांत टेलर, विधि सलाहकार दिव्य भानु आदि उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *